बीकानेर। जैतपुर गांव की उत्तराधी रोही में शनिवार को एक खेत की ढाणी में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण थी कि ढाणी के तीनों छप्पर उसकी चपेट में आ गए। इस घटना में एक मोटरसाइकिल, घरेलू सामान, अनाज, पशुआहार और नकदी जलकर राख हो गए। खेत काश्तकार शंकरलाल ने बताया कि अपनी पत्नी और छोटे भाई पप्पूराम के साथ दोपहर करीब दो बजे ढाणी में आराम कर रहे थे, तभी अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें फैल गईं। उस समय छप्परों में बंधी गायों और बकरियों को परिवार तथा ग्रामीणों की मदद से समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग से ढाणी में खड़ी एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जल गई। इसके अलावा, लगभग 30 हजार रुपए की नकदी, गेहूं, खाने-पीने का सामान, पशुओं का चारा और अन्य घरेलू सामग्री भी राख हो गई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व मिट्टी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर महाजन पुलिस भी मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण चार्जिंग पर लगी टॉर्च में हुआ अचानक धमाका बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।





















