बीकानेर, 10 मई 2026।
नहरबंदी को एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी शहर के कई इलाकों में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। इसी बीच वार्ड नंबर 24 के लोगों ने जलदाय विभाग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि सरकार द्वारा शुरू की गई फ्री टैंकर व्यवस्था में भी उनके क्षेत्र की लगातार अनदेखी की जा रही है।
वार्ड 24 के अंतर्गत आने वाले राजीव नगर, श्रीरामसर, पीर तलाई और जनता प्याऊ जैसे क्षेत्रों में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। खास बात यह है कि इन इलाकों में सप्लाई श्रीरामसर टंकी से होती है और यह क्षेत्र टंकी के बेहद करीब होने के बावजूद यहां के लोगों को पानी के टैंकर नहीं मिल रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने 10 से 15 बार नाम दर्ज करवाया, कई बार जलदाय विभाग के चक्कर लगाए, लेकिन इसके बावजूद एक भी टैंकर उनके क्षेत्र में नहीं भेजा गया। आरोप है कि अधिकतर टैंकर शहर के अन्य खास इलाकों में भेजे जा रहे हैं, जबकि वार्ड 24 के लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए परेशान हैं।
इस मुद्दे को लेकर आज पार्षद मुकेश पंवार के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने श्रीरामसर टंकी पर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान लोगों ने जलदाय विभाग और अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई और तुरंत समाधान की मांग की।
बताया जा रहा है कि विरोध बढ़ने के बाद विभाग की ओर से दो टैंकर पानी भेजे गए, लेकिन कुछ ही देर बाद जेईएन वहां से रवाना हो गया। वहीं एक टैंकर चालक अपना ट्रैक्टर निकालकर टैंकर वहीं छोड़कर चला गया, जबकि बाकी टैंकरों को दूसरी जगह सप्लाई के लिए भेज दिया गया।
पार्षद मुकेश पंवार ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक वार्ड नंबर 24 की पानी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक श्रीरामसर टंकी से किसी भी अन्य क्षेत्र के लिए टैंकर नहीं भरने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जलदाय विभाग और अधिकारियों की तानाशाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत पहुंचाने और वार्ड 24 को नियमित टैंकर सप्लाई देने की मांग की है।























