बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग महिला घायल हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल महिला को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार पंचमुखा हनुमान मंदिर, रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया निवासी मेघराज गहलोत ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 मई को दोपहर के समय उनकी सास बरजू देवी बाबूलाल फाटक के पास सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में बरजू देवी को गंभीर एवं सामान्य चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत उन्हें पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी है।























