बीकानेर। अक्कासर क्षेत्र से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दो युवक एक अन्य युवक की बेल्ट से जमकर पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी पीड़ित युवक के परिजनों ने गजनेर थाने में दी। उन्होंने आरोप लगाया कि दो युवकों ने किसी विवाद के चलते उनके बेटे को रास्ते में रोककर बेल्ट से मारपीट की। पिटाई का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से पड़ताल की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द दोषियों को पकड़कर कार्रवाई की जा सके।

























