बीकानेर।बीकानेर के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान पीबीएम अस्पताल में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों ने प्रशासन और ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बड़ा आंदोलन खड़ा करने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि वर्षों से उनके साथ खुलेआम शोषण किया जा रहा है, लेकिन आवाज उठाने पर नौकरी से निकालने की धमकी देकर उन्हें चुप करा दिया जाता है।
संविदाकर्मियों ने बताया कि उनकी पीएफ राशि जमा नहीं कर ठेकेदार अपने पास दबा रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्हें पूरा वेतन भी नहीं दिया जाता और चार छुट्टियों के पैसे भी हर माह काट लिए जाते हैं। कर्मचारियों ने कहा कि यह सीधा शोषण है, जिसकी शिकायतें बार-बार करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार पीबीएम अस्पताल प्रशासन से सरकार को भेजी जाने वाली संविदाकर्मियों की सूची जारी करने की मांग की, लेकिन अधीक्षक द्वारा हठधर्मिता दिखाते हुए इसे अभी तक जारी नहीं किया गया। कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन जानबूझकर पारदर्शिता से बच रहा है।
कर्मचारियों ने कहा कि वर्षों से पीबीएम प्रशासन और ठेकेदार उन्हें मानसिक, आर्थिक दबाव में रखकर काम करवा रहे हैं। पीएफ, वेतन और अवकाश कटौती जैसे मुद्दों पर आवाज उठाने पर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। संविदाकर्मियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया गया तो वे अस्पताल परिसर में चक्का जाम करेंगे और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप कर देंगे। उन्होंने कहा कि हालात बिगडने पर इसकी जिम्मेदारी केवल पीबीएम अस्पताल प्रशासन की होगी।























