शहर के बंगला नगर में खुशियों भरा माहौल अचानक मातम में बदल गया, जब बेटे की शादी की तैयारियों में नाचते-नाचते पिता की मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार पूनम चंद प्रजापत के बेटे पंकज की शादी 25 नवंबर को होनी थी। बुधवार को घर में बड़ी का मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था और परिजनों के साथ पूनम चंद आंगन में नृत्य कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन और पड़ोसी उन्हें तुरंत पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। अस्पताल में मौजूद उनकी दोनों बेटियां अंजू और राजू बेसुध होकर गिर पड़ीं। पंकज, जिसकी शादी होने वाली है, जयपुर में नौकरी करता है। उसे घटना की सूचना दे दी गई है और वह घर आने के लिए रवाना हो गया है।
तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं कुम्हार समाज के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत भी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से बात की, लेकिन तब तक पूनम चंद की सांसें थम चुकी थीं। दुखद समाचार सुनकर कुम्हार महासभा जिलाध्यक्ष त्रिलोक चंद गेधर, जेठाराम कलोड़, बजरंग वर्मा, किशन संवाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।























