बीकानेर। शिक्षा विभाग के निर्देश के बावजूद बीकानेर शहरी क्षेत्र के अनेक निजी स्कूलों ने अभी तक नोटिस बोर्ड पर किताबों की सूची प्रकाशित नहीं की है। वहीं, संबंधित स्कूलों की ओर से पेरेंट्स के ऊपर एक ही दुकान से स्कूल ड्रेस व पुस्तकें खरीदने का दबाव बनाया बनाया जा रहा है। इसकी शिकायत डीईओ माध्यमिक किसनदान चारण को मिली है। उन्होंने इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
आदेश के मुताबिक जिले के निजी स्कूलों को संबंधित स्कूल में चलने वाली पुस्तकों की सूची, लेखक और प्रकाशक का नाम मूल्य के साथ अपने स्कूल के नोटिस बोर्ड व वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। निजी स्कूलों की ओर से एक ही पुस्तक विक्रेता से किताबें खरीदने के लिए अभिभावकों को पाबंद करने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई होगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यदि किसी निजी स्कूल के खिलाफ अब शिकायत प्राप्त हुई तो इसे आदेश की अवेहलना मानते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में उच्च अधिकारियों को लिखा जाएगा। विदित रहे कि डीईओ माध्यमिक ने इस संबंध में पूर्व में 18 फरवरी को आदेश जारी किए थे। इसको लेकर जारी आदेशों में महारानी किशोरी देवी स्कूल, बीबीएस, जैन पब्लिक स्कूल, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल सहित अन्य को नोटिस दिया गया है।























