बीकानेर। सीमावर्ती क्षेत्र खाजूवाला में बढ़ती तस्करी गतिविधियों और कानून व्यवस्था को लेकर बीकानेर जिला पुलिस अधीक्षक मूदुल कच्छावा खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बॉर्डर पर रात्रि विश्राम करते हुए बीएसएफ अधिकारियों के साथ हेरोइन तस्करी और सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों को लेकर विस्तृत मंथन किया।
दौरे के दौरान एसपी कच्छावा ने खाजूवाला और छतरगढ़ पुलिस थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थानों के कंप्यूटर कक्ष, मालखाना, एचएम कार्यालय तथा महिला डेस्क का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन से बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान हाल ही में 14 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में गिरफ्तार आरोपी खेताराम से भी एसपी ने पूछताछ कर मामले की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जांच अधिकारियों को तस्करी नेटवर्क से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच करने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए।
एसपी ने बॉर्डर क्षेत्र में सक्रिय तस्करी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की क्राइम रिपोर्ट की समीक्षा भी की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और तस्करों पर शिकंजा और अधिक कसा जाएगा।
उन्होंने बताया कि सीमावर्ती पुलिस थानों में नफरी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं बॉर्डर क्षेत्र में बंद पड़ी पुलिस चौकियों को भी जल्द पुन: शुरू कराया जाएगा, जिससे सीमा क्षेत्र में निगरानी और कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। दौरे के दौरान डीवाईएसपी अमरजीत चावला, खाजूवाला थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार प्रजापत सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।






















