बीकानेर। लूणकरणसर कस्बे में रात अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। हालांकि, चोरों के हाथ नकदी नहीं लगी।पहली घटना एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर हुई। यहां दुकान के पलेदार (चौकीदार) के जागने पर दो-तीन बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग पर एसडीएम कार्यालय के सामने स्थित दो अन्य दुकानों के भी ताले तोड़े गए।दुकानदारों को सुबह पड़ोसियों ने चोरी की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस को मौके से दो टूटे ताले और एक त्रिशूल बरामद हुआ है।दुकानदारों ने बताया कि दुकानों में नकदी नहीं थी, जिस कारण चोरों को खाली हाथ लौटना पड़ा। हालांकि, चोर जाते-जाते एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर अपने साथ ले गए। थानाधिकारी ने जानकारी दी कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। व्यापारियों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।






















