नोखा थाना क्षेत्र के एक गांव में दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग कैंपर गाड़ी लेकर आए और घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, लूटपाट के साथ-साथ बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए।
परिवादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी कालूराम जाट समेत 4-5 लोग कैंपर गाड़ी लेकर उसके घर आए। गाड़ी को टक्कर मारकर घर की खिड़की तोड़ दी। इसके बाद आरोपी घर में घुस गए और उसकी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उसकी पत्नी के गले से करीब 20 ग्राम सोने की चेन भी छीन ली गई।
आरोपियों ने परिवादी को पिस्तौल दिखाकर पांच लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि रुपए नहीं देने पर जान से मार देंगे। इसी बीच उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए।घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल तुलसीराम को सौंप दी है।

























