बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के रामसर गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 11 निवासी मनोज सारण ने थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
परिवादी के ने बताया कि करीब 10 वर्ष पूर्व उनके बड़े भाई रामकिशन ने 1600 गज जमीन खरीदी थी। यह जमीन उनकी माता पानादेवी के नाम पर पंजीकृत थी। तीन साल पहले भाई की मृत्यु के बाद से उक्त जमीन को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
यह घटना 18 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे हुई। परिवादी ने बताया कि उनका भतीजा लोकेश अपने बाड़े में गया और जमीन पर निर्माण कार्य की बात कही, जिसके बाद परिजनों के बीच कहासुनी हो गई। मनोज सारण मौके पर समझाइश के लिए पहुंचे, लेकिन विवाद और बढ़ गया।
आरोप है कि लूणाराम पुत्र कालूराम, पुष्पादेवी पत्नी लूणाराम, शारदा, संगीता और सुभाष पुत्र लूणाराम सहित अन्य ने मिलकर मनोज सारण पर हमला कर दिया। लूणाराम ने लाठी से उनके सिर पर वार किया, जबकि शारदा ने ईंट फेंकी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान सुभाष ने उनके कपड़े फाडक़र गले से सोने की चेन और अंगूठी छीन ली।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर परिवादी को हमलावरों से छुड़वाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी सुषमा शेखावत ने बताया कि इस प्रकरण की जांच एएसआई मूलाराम को सौंपी गई है।

























