बीकानेर। जिले के जसरासर पुलिस थाना क्षेत्र में चोरों ने कस्बे में एक बंद मकान के ताले तोड़ लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच हरिकिशन पुत्र मुनीराम बिश्नोई के बंद घर से अज्ञात चोर नकदी और सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। हरिकिशन की पत्नी मंजू बिश्नोई एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर बंद करके गई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर के तीन ताले तोड़े और अंदर घुस गए। उन्होंने अलमारी का ताला तोडक़र उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ किया। चोरों ने लगभग 1 लाख 10 हजार रुपए नकद, दो बाजूबंद, एक नथ, एक चेन, दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पाजेब, 10 चांदी के सिक्के और करीब 200-300 ग्राम खुली चांदी चुरा ली। परिवार के सदस्यों के घर लौटने पर ताले टूटे हुए और सामान बिखरा हुआ मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर जसरासर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मौके पर चोरों के पैरों के निशान दो जगह ढके हुए मिले हैं। जसरासर पुलिस थाने के एएसआई रविंद्र सिंह इस मामले की जांच कर रहे हैं।

























