बीकानेर। शहर के रोशनी घर चौराहे पर शुक्रवार को अचानक एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते स्कूटी धू-धू कर जलने लगी और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत रही कि स्कूटी सवार समय रहते वाहन से सुरक्षित बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में हड़कंप का माहौल बना रहा। इधर लगातार इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की घटनाएं सामने आने के बाद बैटरी सुरक्षा और भीषण गर्मी में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की विश्वसनीयता को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।

























