बीकानेर। जिले के हदा पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित सियाणा भैरव मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने मंदिर के ताले तोडक़र दो दानपात्रों से नकदी और माता का छतर पार कर लिया। शातिर चोर अपने पीछे कोई सुराग न छोडऩे के मकसद से सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए।घटना के संबंध में मंदिर के पुजारी भैरु सिंह और अन्य ग्रामीणों ने हदा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
दीवार फांद कर घुसे, 100 किलो का गल्ला घसीट ले गए
शिकायत पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार, चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे मंदिर परिसर के पीछे की दीवार फांद कर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने मेन गेट का ताला तोड़ा।
चोरों ने मंदिर में रखे दो गल्लों (दानपात्रों) को निशाना बनाया। उन्होंने एक गल्ले का ताला तोडक़र उसमें से चोरी की, जबकि करीब 100 किलो वजनी एक बड़े गल्ले को वे घसीट कर बाहर ले गए।
पहले भी हो चुकी हैं वारदातें, ग्रामीणों में रोष
मंदिर के पुजारी भैरु सिंह (पुत्र गुमान सिंह राजपूत, निवासी सिमाणा सांखलान) ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने पत्र में चैन स्नैचिंग और जेब कटने जैसी वारदातों का भी जिक्र किया है। धार्मिक स्थल पर हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी रोष है।
कड़ी सजा की मांग
पुजारी और ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है। शिकायत पत्र में मांग की गई है कि आरोपियों को पकडक़र कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस परिवाद पर पुजारी भैरु सिंह के अलावा पूर्व सरपंच, दुलसिंह, मोहनसिंह सहित अन्य लोगों के भी हस्ताक्षर हैं। पुलिस ने परिवाद के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Sanskar






















