बीकानेर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने बीकानेर जिले को अस्थायी रूप से ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट निशांत जैन द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए जिले के संपूर्ण नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिना अनुमति ड्रोन, यूएवी, ड्रोन कैमरा और हॉट बैलून उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश 24 मई रात 12 बजे से 27 मई रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगा।
आदेश के अनुसार किसी भी व्यक्ति को सक्षम अनुमति के बिना किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधि करने की अनुमति नहीं होगी। आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। हालांकि यह आदेश केंद्र सरकार के सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों तथा राज्य पुलिस की सामरिक गतिविधियों पर लागू नहीं होगा।
🔴 अमित शाह का बीकानेर दौरा कार्यक्रम:
▪️ 25 मई रात 10:20 बजे विशेष विमान से नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे
▪️ बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय में करेंगे रात्रि विश्राम
▪️ 26 मई सुबह 10:20 बजे हेलीकॉप्टर से सीमा चौकी सांचू के लिए रवाना होंगे
▪️ वृक्षारोपण, सैनिक सम्मेलन और जवानों से संवाद कार्यक्रम में लेंगे भाग
▪️ महिला बैरकों के ई-उद्घाटन कार्यक्रम में करेंगे सहभागिता
▪️ शाम 6:25 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भी बीकानेर आने का कार्यक्रम बन रहा है। गृह मंत्री के दौरे को लेकर जिला कलक्टर निशांत जैन और एसपी मृदुल कच्छावा ने अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा, साफ-सफाई, आवास, पेयजल, हेलीपैड, वाहन व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा की।
प्रशासन द्वारा सभी विभागों को समय सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम प्रशासन उम्मेद सिंह रतनू को व्यवस्थाओं का प्रभारी नियुक्त किया गया है।























