बीकानेर। छतरगढ़ बुधवार से पटवार संघ के बैनर तले समस्त पटवारी सामूहिक हड़ताल पर बैठ गए। पटवारियों ने उपखंड अधिकारी कार्यालय के आगे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करते हुए अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।धरने पर बैठे पटवारियों ने तहसीलदार छतरगढ़ पर उनके कार्य में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। पटवारियों का कहना है कि सीमाज्ञान के अत्यधिक आवेदन लंबित हैं तथा प्रत्येक पटवारी के पास 150 से 200 तक आवेदन लंबित पड़े हुए हैं। वहीं सीमाज्ञान कार्य के लिए पर्याप्त संसाधनों का अभाव भी बना हुआ है।पटवारियों ने बताया कि चकबंदी क्षेत्र में मुरब्बा नंबर एवं ब्लॉक पत्थरों की कमी के कारण कार्य में परेशानी हो रही है। साथ ही पिछले करीब 50 वर्षों से सेटलमेंट नहीं होने से भी राजस्व कार्य प्रभावित हो रहा है।पटवार संघ छतरगढ़ के अध्यक्ष दीपेंद्र चरण ने बताया कि तहसील क्षेत्र के कुल 23 पटवार मंडलों में से 12 मंडल रिक्त चल रहे हैं, जिससे कार्य का अतिरिक्त भार पटवारियों पर पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि इन मांगों को लेकर बुधवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है। धरने में उपाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, महामंत्री नवनीत जांगिड़ सहित छतरगढ़ पटवार मंडल के 12 पटवारी शामिल रहे। पटवारियों ने मांगें पूरी नहीं होने तक किसी भी प्रकार का कार्य नहीं करने की चेतावनी दी।























