निर्माण श्रमिकों को मिलेंगी लाखों रुपये तक की योजनाओं का लाभ
भारतीय मजदूर संघ ने चलाया जागरूकता अभियान
बीकानेर। निर्माण श्रमिकों के कल्याण एवं उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय मजदूर संघ, बीकानेर द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत श्रमिकों को राजस्थान सरकार की विभिन्न निर्माण श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
भारतीय मजदूर संघ के जिला महामंत्री श्री कन्हैया लाल सोलंकी एवं जिला मंत्री श्री नवीन स्वामी ने बताया कि जिन निर्माण श्रमिकों की मजदूर डायरी (पंजीयन) बनी हुई है और नियमित रूप से नवीनीकरण (रिन्यू) कराया गया है, वे स्वयं तथा अपने परिवार के लिए सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, दुर्घटना, प्रसूति एवं औजार सहायता जैसी योजनाओं के अंतर्गत श्रमिकों को लाखों रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
योजनाओं के प्रमुख लाभ इस प्रकार हैं—
🔹 शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजना:
कक्षा 6 से स्नातकोत्तर स्तर तक ₹8,000 से ₹25,000 तक की सहायता तथा प्रोफेशनल कोर्स करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को ₹35,000 तक का पुरस्कार।
🔹 दुर्घटना एवं मृत्यु सहायता योजना:
दुर्घटना में मृत्यु पर ₹5 लाख, सामान्य मृत्यु पर ₹2 लाख, पूर्ण अपंगता पर ₹3 लाख, आंशिक अपंगता पर ₹1 लाख तथा फ्रैक्चर की स्थिति में ₹2,000 से ₹20,000 तक की सहायता।
🔹 प्रसूति सहायता योजना:
पुत्र जन्म पर ₹20,000 एवं पुत्री जन्म पर ₹21,000 की सहायता (अधिकतम दो प्रसव तक)।
🔹 औजार / टूल किट सहायता:
कार्य से संबंधित औजार खरीदने हेतु आर्थिक सहयोग।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि सभी योजनाओं की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जमा की जाती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजना का लाभ लेने के लिए मजदूर डायरी का वैध एवं चालू होना, समय पर नवीनीकरण तथा अंशदान जमा होना अनिवार्य है। बिना चालू डायरी के किसी भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
जानकारी हेतु श्रमिक संघ कार्यालय, नयाशहर थाने के पीछे, बीकानेर में संपर्क कर सकते हैं।
📞 संपर्क: 7976108401 (नंदू सोलंकी)
























