बीकानेर। बॉर्डर इलाके खाजूवाला में पुलिस और बीएसएफ ने कस्बे की तावणिया कॉलोनी एक घर से गांजा, स्मैक और देशी पिस्टल बरामद की है। अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को सुबह खाजूवाला में पुलिस और बीएसएफ को संयुक्त गश्त के दौरान कस्बे की तावणिया कॉलोनी निवासी रमेश कुमार पूनिया के मकान में मादक पदार्थ की इत्तला मिली थी। संयुक्त रूप से मकान पर दबिश देकर तलाशी ली गई तो कमरे 7.26 ग्राम स्मैक, रोल किए गए 20 रुपए के दो और 10 रुपए के चार नोट, फॉइल पेपर बरामद हुए। मकान की बाखल की तलाशी ली तो पुराने व सूखे खींपों के नीचे गढ्ढ़े में प्लास्टिक के थैले में छिपाकर रखा 2.115 किग्रा गांजा बरामद हुआ। उसके बाद मकान में मौजूद रमेश की तलाशी ली तो उसके पास देशी पिस्टल मिली।
पुलिस ने मादक पदार्थ और पिस्टल जब्त कर रमेश को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त से पूछताछ में पता चला है कि उसने स्मैक एडीएम निवासी गुरतेजसिंह, 2500 रुपए प्रति ग्राम के हिसाब से, गांजा दंतौर निवासी विष्णु बिश्नोई से 1500 रुपए प्रति किग्रा और पिस्तौल 24बीडी निवासी विनोद बेनीवाल से ली थी। खाजूवाला थाने में अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया है। कार्यवाही में खाजूवाला पुलिस थाने के एसएचओ प्रशिक्षु आरपीएस रोहित चौधरी, बीएसएफ 96वीं बटालियन के हेड कांस्टेबल रविन्द्रसिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल और अन्य सदस्य शामिल थे।






















