बीकानेर। बीकानेर जिले के नए पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बुधवार को पदभार ग्रहण कर लिया। 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी कच्छावा को एक प्रभावी और सख्त छवि वाले अफसर के रूप में जाना जाता है। वे इससे पहले नागौर सहित पांच जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी कच्छावा ने कहा कि पुलिस का मूल ध्येय “आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय” स्थापित करना रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। एसपी कच्छावा ने संकेत दिए कि जिले में इस दिशा में सख्त अभियान चलाया जाएगा। जानकारों के अनुसार, एसपी कच्छावा की छवि रील और रियल दोनों में प्रभावशाली मानी जाती है। ऐसे में बीकानेर जैसे संवेदनशील जिले में उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। जिले में लंबे समय से असर्टिव पुलिसिंग की जरूरत महसूस की जा रही थी, जिसे लेकर अब नई उम्मीदें जगी हैं।

























