बीकानेर। पति द्वारा पत्नी की हत्या कर शव खेत में फेंकने और फिर खुद थाने पहुंचकर सरेंडर करने का मामला सामने आया है। घटना जिले के खाजूवाला क्षेत्र के 9 डीब्ल्यूडी गांव की है। जहां एक पति ने आज दोपहर 1:15 बजे अपनी पत्नी की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। फिर घटना के करीब दो घंटे बाद थाने पहुंंचकर सरेंडर किया। थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि वन विभाग की जमीन पर शव मिला है। 8 डीडब्लयूएम थाना दंतौर निवासी हरप्रीत सिंह ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की है। आरोपी ने बताया कि पत्नी का शव चक 9 डीब्ल्यूडी के पास एक खेत में पड़ा है। इसके बाद एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया और घटनास्थल से सबूत जुटाए। घटना के समय डीएसपी अमरजीत चावला और थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत बीकानेर में महानिदेशक पुलिस की संभाग स्तरीय बैठक में गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जानकारी में आपसी विवाद के चलते ही पति के पत्नी की हत्या करने की आशंका जताई जा रही है।


























