बीकानेर में ऑनलाइन पेमेंट का झांसा देकर दो युवक दुकान से हजारों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार ने इस संबंध में नयाशहर पुलिस थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता रवि गहलोत पुत्र श्री लालचंद गहलोत निवासी जनता प्याऊ, श्रीरामसर रोड ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि उनकी दुकान श्रीराम जनता प्याऊ के सामने स्थित है। पीड़ित के अनुसार शाम करीब 7:20 बजे दो युवक उनकी दुकान पर आए और करीब 11 हजार 160 रुपये का सामान लिया। दोनों युवकों ने दुकानदार से कहा कि उन्होंने ऑनलाइन भुगतान कर दिया है।
दुकानदार ने जब पेमेंट की जांच करनी शुरू की तो इसी दौरान दोनों युवक सामान लेकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और फोटो भी सौंपे हैं।






















