बीकानेर। बीकानेर जिले के नोखा के पांचू थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक सवार ने महिला को टक्कर मार दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साधुना गांव निवासी 60 वर्षीय मीरा देवी जाट सड़क से गुजर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल नोखा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





















