🚨 पांच दिनों में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, महंगाई बढ़ने के आसार
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। मंगलवार 19 मई से पेट्रोल और डीजल करीब 90-90 पैसे प्रति लीटर महंगे हो गए हैं। पिछले पांच दिनों में ईंधन के दामों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।
जानकारों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। पहले जहां कच्चे तेल का दाम करीब 70 डॉलर प्रति बैरल था, वहीं अब यह बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है।
तेल कंपनियों का कहना है कि लगातार बढ़ते खर्च और घाटे की भरपाई के लिए कीमतों में बढ़ोतरी करना जरूरी हो गया था। हालांकि यह बढ़ोतरी फिलहाल मामूली मानी जा रही है, लेकिन इसका असर आने वाले दिनों में आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ेगा और रोजमर्रा की कई चीजें भी महंगी हो सकती हैं।
अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल के दामों में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।


















