राजस्थान में मई का माह में गर्मी का मिजाज कुछ बदल बदल सा है। तेज गरमी से पूरा प्रदेश परेशान है। मौसम विभाग ने आज सुबह 4.15 पर तीन घंटे का श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जिले के लिए मेघगर्जन, गरज-चमक संग तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 30-40 KMPH रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में देश में सबसे गर्म राजस्थान का श्रीगंगागनगर रहा है। जहां पर तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई यानि आज से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। वहीं 29 से 31 मई के बीच कोटा संभाग सहित जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
राजस्थान इन दिनों मानो आग के आसमान के नीचे सांस ले रहा है। नौतपा के तीसरे दिन बुधवार को भी सूरज ने ऐसी तपिश उगली कि श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर बन गया। यहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उत्तरप्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। राजस्थान में गर्मी का प्रकोप इस कदर है कि श्रीगंगानगर, पिलानी, बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, फलोदी, कोटा और बाड़मेर समेत 8 शहरों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। अधिकांश शहरों में तापमान 41 डिग्री से ऊपर बना रहा।






















