बीकानेर। भीषण गर्मी से परेशान प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिन तेज अंधड़ के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले गुरुवार को अलवर, खैरथल-तिजारा, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कुछ भागों में बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं झुंझुनूं में शाम को तेज धूलभरी आंधी चलने से तापमान में गिरावट आई। हालांकि, इससे पहले अधिकांश शहरों में हीटवेव जारी रही।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी तीन दिन मौसम में भारी बदलाव रहेगा। 29 से 31 मई तक प्रदेश के अधिकांश भागों में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। गुरुवार को अलवर के मुबारिकपुर-पाटा रूपबास, खैरथल-तिजारा के हरसौली, हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी और भादरा, श्रीगंगानगर के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश और ओले गिरने से मौसम खुशनुमा हो गया।
मौसम केंद्र ने शुक्रवार को 13 शहरों अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर और बीकानेर में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र ने शनिवार को प्रदेश के 24 जिलों में तेज अंधड़ चलने के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि हवा की रफ्तार 60-70 किमी प्रति घंटा रहेगी, जिससे सावधान रहने की जरूरत है। मौसम संबंधी ये गतिविधियां जून के प्रथम सप्ताह तक जारी रहेंगी। नौतपा का जोर कम रहेगा।























