बीकानेर। श्रीकोलायत क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति और एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दियातरा गांव के पास नंदनवन गोशाला से पहले स्थित मुर्गी फार्म के निकट करीब एक बजे हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार घायल बाइक चालक की पहचान मंडाल निवासी 53 वर्षीय पुखराज पुत्र जोगाराम के रूप में हुई है। वहीं बाइक पर सवार करीब पांच वर्षीय बच्ची भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों दियातरा गांव में किसी घरेलू कार्य से आए थे और वापसी के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीषण गर्मी के चलते उस समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम थी। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायलों की सहायता की। इसी दौरान रास्ते में एंबुलेंस मिलने पर दोनों घायलों को तत्काल कोलायत अस्पताल पहुंचाया गया। कोलायत अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। जहा पुखराज की हालत नाजुक बनी हुई है तथा उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
घटना की सूचना मिलने पर कोलायत थाने के एएसआई रोहितास मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को दियातरा चौकी पहुंचाकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।























