बीकानेर। शनिवार दोपहर क्षेत्र में आई तेज आंधी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने की घटनाएं सामने आईं। गनीमत रही कि किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई जगह नुकसान और यातायात बाधित होने की स्थिति बनी रही।जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर की ओर से आई तेज आंधी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर हरियासर टोल प्लाजा के पास सडक़ किनारे खड़ी यूरिया से भरी एक पिकअप गाड़ी पर अचानक एक विशाल पेड़ टूटकर गिर पड़ा। पेड़ का वजन इतना अधिक था कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय चालक वाहन में मौजूद था, जिसे मामूली चोटें आईं।इसी दौरान कस्बे के वार्ड संख्या 03 स्थित अंडरब्रिज के पास रेलवे की विद्युत लाइन का तार भी तेज हवाओं के कारण टूटकर नीचे गिर गया। सूचना मिलते ही रेलवे विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है।तेज आंधी का असर स्टेट हाईवे-6ए पर भी देखने को मिला, जहां हनुमान नगर के पास एक बड़ा पेड़ सडक़ के बीचों-बीच गिर गया। पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से पेड़ गिरने, विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की सूचनाएं भी मिल रही हैं।





















