बीकानेर। बीकानेर जिले के खाजूवाल तहसील में सरसों चोरी के मामले में एक आरोपी पिछले काफी समय से फरार चले रहे को दबोचा है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर अनूपगढ़ शाखा नहर में छलांग लगा दी, लेकिन पुलिसकर्मियों की सतर्कता और सूझबूझ से उसे पकड़ लिया गया। करीब दस फीट गहरी नहर में इन दिनों पानी भी कम था।पुलिस के अनुसार खाजूवाला निवासी सुखदेव नारायण कुमावत ने 31 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि कृषि मंडी स्थित उसकी दुकान के बाहर रखे सरसों के तीन कट्टे 28-29 मार्च की रात चोरी कर लिए गए। परिवाद के आधार पर खाजूवाला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में अमित विश्नोई, मंगल सिंह और गजेंद्र सिंह उर्फ गज्जू को नामजद किया। पुलिस पहले ही अमित विश्नोई और मंगल सिंह को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि गजेंद्र सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस को देखकर नहर में कूदा आरोपी
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सहायक उप निरीक्षक मांगीलाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश की गई। पुलिस को देखकर आरोपी गजेंद्र सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए खाजूवाला क्षेत्र में अनूपगढ़ शाखा नहर में कूद गया।
हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कांस्टेबल अरुण कुमार को नहर में उतारा और आरोपी को पकड़ लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कांस्टेबल अरुण कुमार की रही अहम भूमिका
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को पकडऩे की कार्रवाई में कांस्टेबल अरुण कुमार की विशेष भूमिका रही। उनकी तत्परता और साहस के कारण फरार आरोपी को गिरफ्तार करना संभव हो सका। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और वृत्ताधिकारी अमरजीत चावला के सुपरविजन में की गई।





















