बीकानेर। जिले में बार-बार अपराध कर आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाले अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आदतन अपराधियों की नई हिस्ट्रीशीट खोली है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर संबंधित थानों को इन अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं।पुलिस के अनुसार बज्जू थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय भंवरसिंह पुत्र नारायणसिंह राजपूत के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामलों के कुल आठ प्रकरण दर्ज हैं। इसी प्रकार मोडायत निवासी 32 वर्षीय बजरंग खीचड़ पुत्र देराराम उर्फ दयाराम बिश्नोई के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, आम्र्स एक्ट, राजकार्य में बाधा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित छह मामले दर्ज हैं। वहीं महाजन थाना क्षेत्र के सुई गांव निवासी 35 वर्षीय साहबराम पुत्र रतिराम वाल्मीकि के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, चोरी और एनडीपीएस एक्ट सहित गंभीर अपराधों के दस मामले दर्ज हैं। इन आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने तीनों की हिस्ट्रीशीट खोलते हुए उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का निर्णय लिया है।





















