बीकानेर।नाल थाना क्षेत्र में साइबर ठगी से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है, जहां पेट्रोल पंप के सेल्समेन को कमीशन का लालच देकर ठगी की राशि का उपयोग करवाया गया।
आरआर पेट्रोलियम पंप नाल के मैनेजर जयनारायण ने देवीलाल, रमेश, सचिन, पिंटू, सुरेन्द्र और विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि 15 अक्टूबर को पेट्रोल पंप के खाते में अभिजीत नाम से ₹50 हजार, ₹45 हजार, पिंटू के नाम से ₹10 हजार और ₹5 हजार की एंट्री आई।
जब इन राशियों का मिलान पंप के हिसाब से किया गया तो कोई एंट्री नहीं मिली। पूछताछ में देवीलाल ने बताया कि कुछ लोगों ने उसे कहा था कि वे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करेंगे और बदले में नकद देने पर 3 प्रतिशत कमीशन दिया जाएगा। इस लालच में आरोपियों ने ठगी की राशि पंप के खाते में डलवा दी।
नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और एसपी कावेन्द्र सागर के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही गिरोह का खुलासा करेगी।























