बीकानेर। दूल्हा-दुल्हनों की हल्दी, हाथकाम, मेंहदी वैवाहिक रस्मों व मांगलिक गीतों की गूंज के साथ देवउठनी एकादशी को माली सैनी वैवाहिक समारोह बीकानेर का सबसे बड़ा सामूहिक विवाह समारोह बनने जा रहा है। माली सैनी वैवाहिक समारोह के अध्यक्ष कन्हैयालाल भाटी ने बताया कि माली सैनी वैवाहिक समारोह 1 नवम्बर 2025, देवउठनी एकादशी को होने जा रहा है। वैवाहिक सम्मेलन में 17 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। अध्यक्ष भाटी ने बताया कि 17 जोड़े के परिवार ही नहीं बल्कि बीकानेर के सम्पूर्ण माली-सैनी समाज में वैवाहिक तैयारियों की धूम दिख रही है। बारातियों के स्वागत से लेकर दुल्हन की विदाई तक की व्यवस्थाओं की तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी है। गोपेश्वर बस्ती स्थित शिव पार्वती भवन में होने वाले इस सामूहिक विवाह समारोह में लगभग 15 हजार से अधिक लोगों के भोजन हेतु रसोइयों, पीने के जल कैम्पर व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था सहित सभी दायित्व समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा संभाल लिए गए हैं। खास बात यह है कि हर वर्ष की भांति इस बार भी सबसे पहले बारात लेकर पहुंचने वाले दूल्हे का समिति की ओर से अभिनन्दन किया जाएगा। समाज की एकता, संस्कार और परम्परा का अनुपम प्रतीक शिव पार्वती पाणिग्रहण संस्कार के नाम से इस विवाह समारोह में समाज के वरिष्ठजनों का अनुभव, युवा बंधुओं की सक्रिय सहभागिता और भामाशाहों का सहयोग अतुलनीय उदाहरण बन रहा है। विशेष रूप से माली-सैनी समाज की महिला शक्ति भी वैवाहिक समारोह की विविध तैयारियों का जिम्मा बखूबी निभा रही हैं।

























