आज शाम देशनोक से चुंगी चौकी बाईपास मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पलटे हुए ट्रेलर के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर ट्रेलर पलटा, वहां सड़क की हालत लंबे समय से बेहद खराब है। दोनों ओर आवासीय बस्तियां बनी हुई हैं और बारिश के मौसम में इस सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे कीचड़ फैल जाता है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले इसी रास्ते से एक शवयात्रा भी पानी और कीचड़ के बीच निकालनी पड़ी थी, जो क्षेत्र की बदहाल स्थिति को दर्शाता है।
वार्ड पार्षद खेत्रपाल सारस्वत ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। दो दिन पूर्व भी इसी स्थान पर दुर्घटना हुई थी, जिसकी सूचना नगरपालिका को दी गई थी। बावजूद इसके बार-बार अवगत कराने के बाद भी नगरपालिका द्वारा सड़क सुधार को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।























