बीकानेर। जिला पुलिस प्रशासन ने नारी सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए पहली बार बीकानेर के छह थानों की कमान महिला पुलिस इंस्पेक्टरों को सौंप दी है। यह बदलाव सिर्फ पुलिस सिस्टम में नहीं, बल्कि पूरे जिले की मानसिकता में एक सकारात्मक परिवर्तन का संकेत माना जा रहा है।
महिला सुरक्षा को लेकर लगातार उठ रही चिंताओं के बीच यह निर्णय महिला वर्ग में उत्साह और विश्वास को नई ऊँचाइयाँ देता दिख रहा है। महिला संगठनों ने इसे “बीकानेर पुलिस की प्रगतिशील पहल” बताया है और कहा है कि इससे महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और अन्य संवेदनशील मामलों में अधिक प्रभावी और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
इन महिला अधिकारियों के हाथों में अब बीकानेर की कमान:
- सीआई विशु वर्मा – महिला थाना
- सीआई कविता पूनिया – नया शहर थाना
- सीआई सविता डाल – कोतवाली थाना
- सीआई संध्या – सेरूणा थाना (पहली बार महिला थानाप्रभारी)
- सीआई सुषमा शेखावत – नापासर थाना
- सीआई सुमन शेखावत – देशनोक थाना
- इसके साथ ही महिला पेट्रोलिंग यूनिट की कमान सीआई रेणूबाला को भी सौंपी गई है।
यह पहली बार है जब बीकानेर में इतने बड़े स्तर पर महिला अधिकारी नेतृत्व करती हुई नजर आएंगी। जहां पहले अधिकतर थानों पर पुरुष थानेदारों का वर्चस्व रहा, वहीं इस बदलाव ने पुलिसिंग में नई ऊर्जा और नई सोच का संचार किया है।
जनता की उम्मीदें बढ़ीं, महिलाओं में बढ़ा आत्मविश्वास
शहर की महिलाओं ने इसे “बहुत जरूरी और प्रेरणादायी कदम” बताते हुए कहा कि
“एक महिला से अपनी बात कहना ज्यादा सहज होता है, और अब शिकायतों पर कार्रवाई भी ज्यादा संवेदनशील व प्रभावी होगी।”
यह नियुक्तियां इस बात का प्रमाण हैं कि बीकानेर पुलिस अब नारी शक्ति को सिर्फ सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि नेतृत्व का प्रतीक मानकर आगे बढ़ा रही है।























