बोलने में दिक्कत वाली एक युवती के साथ दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है, जिसमें विवाह के बाद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने तथा दो लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता द्वारा श्रीडूंगरगढ थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, उसका विवाह लगभग चार साल पहले हुआ था। परिवार की ओर से दहेज देने के बाद विवाह संपन्न हुआ, लेकिन शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि शुरुआत में दो-तीन दिन ठीक व्यवहार किया गया, उसके बाद पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।युवती ने आरोप लगाया कि पति उस पर दबाव बनाता, मारपीट करता और नशे की हालत में रखता था। ससुर अश्लील हरकते करने लगा।
परिजनों ने कई बार ससुराल पक्ष को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। लगभग तीन वर्ष पहले पीड़िता को उसके मायके छोड़ दिया गया। अब वापस ले जाने के बदले ससुराल पक्ष की ओर से दो लाख रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग की जा रही है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




























