बीकानेर. बीकानेर में सोमवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात करीब 10 बजे गजनेर पुलिया के पास सुभाषपुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर खुले और गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में कार चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंधेरा होने और सड़क किनारे सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण चालक को नाले का अंदाजा नहीं हो पाया। कार अचानक संतुलन खो बैठी और सीधे नाले में जा गिरी।वाहन का अगला हिस्सा लगभग पूरी तरह नाले में धंस गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय युवकों ने बिना देर किए कार के दरवाजे खोले और घायल व्यक्ति को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार को भारी नुकसान पहुंचा है।























