भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से सटे श्रीगंगानगर जिले में करीब 30 करोड़ रुपए की हेरोइन मिली है। पाकिस्तान की ओर से ड्रोन से 6 किलो 400 ग्राम फेंकी गई। इसे समेजा कोठी थाना पुलिस और बीएसएफ ने कार्रवाई करते हुए जब्त कर लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र के गांव 43 पीएस का है। गांव के एक खेत में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन द्वारा 6 किलो 400 ग्राम फेंकी गई थी। मामले में बीएसएफ ने एक तस्कर को भी पकड़ा है।
आरोपी हेरोइन की खेप लेने बॉर्डर के पास पहुंचा था, जिसे भारतीय जवानों ने पकड़ लिया। तस्कर पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला है। आरोपी से पुलिस, बीएसएफ और अन्य एजेंसियां गहन पूछताछ कर रही हैं और उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी है कि तस्कर हेरोइन को कहां ले जाने वाला था और क्या उसके अन्य साथी भी मौके पर थे। साथ ही तस्करी के पूरे नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है।
इस बीच रायसिंहनगर, श्रीकरणपुर, समेजा कोठी समेत आस-पास के थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खेतों में सर्च ऑपरेशन जारी है। जांच में सामने आया कि आरोपी के साथ 2 अन्य तस्कर भी थे, लेकिन दोनों फरार हो गए। दोनों की तलाश की जा रही है।
BC






















