बीकानेर। पीबीएम हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती एक और महिला शारदा की आंखों की रोशनी चली गई है। सिजेरियन डिलीवरी के बाद किडनी फेल होने के साथ उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। गुरुवार (11 जून) को चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने हेल्थ बुलेटिन में शारदा को डेंजर जोन से बाहर बताया था। श्रीरामसर निवासी शारदा को 3 जून को जनाना अस्पताल में भर्ती किया गया था। 4 जून को सिजेरियन डिलीवरी हुई। दो घंटे बाद तबीयत बिगड़ने लगी और 5 जून की सुबह उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया। इससे पहले सूरतगढ़ निवासी प्रीति की भी आंखों की रोशनी जा चुकी है। शारदा को आईसीयू में शिफ्ट करने के बाद जांच की गई तो मल्टी ऑर्गन फेल होने की जानकारी सामने आई। जानकारी के अनुसार शारदा हेल्प सिंड्रोम में चली गई है। उसे दिखाई देना भी बंद हो गया है। सांस लेने में परेशानी के कारण उसे बाइपैप मशीन पर लिया गया। बाद में वेंटिलेटर पर लेना पड़ा। वहीं, वेंटिलेटर पर भर्ती एक और महिला प्रीति की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।





















