बीकानेर। पूगल थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर कृषि भूमि हड़पने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की गई है।
वार्ड नंबर 4, चक 5 केवाईडी निवासी सोहन लाल पुत्र रामप्रताप ने कोर्ट में इस्तगासा पेश कर आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके माता-पिता के नाम पर आवंटित कृषि भूमि हड़पने के लिए फर्जी वसीयतनामा तैयार किया।
परिवादी ने बताया कि उनके पिता रामप्रताप और माता फतीदेवी के नाम चक 2 एसएम में किला नंबर 1, 2, 9, 14, 18 से 21 तक करीब 12 बीघा कृषि भूमि आवंटित थी। आरोप है कि एक एडवोकेट के माध्यम से खाली कागजों पर अंगूठा निशान लेकर उसका दुरुपयोग किया गया और फर्जी वसीयतनामा बनाया गया। इसी वसीयतनामे के आधार पर भूमि का इंतकाल भी दर्ज करवा लिया गया।इस मामले में रामचंद्र, एडवोकेट विनोद नाथ और एक नोटरी पर मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप है। परिवादी को जब इस धोखाधड़ी की जानकारी मिली, तो उन्होंने पहले पुलिस को शिकायत दी। हालांकि, कार्रवाई न होने पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया।कोर्ट के आदेश के बाद, पूगल पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।






















