बीकानेर। पीबीएम हॉस्पिटल के मेडिसिन आईसीयू में भर्ती युवक ने सोमवार की रात दम तोड़ दिया। इससे गुस्साए परिजनों ने जम कर हंगामा किया। डॉक्टरों के साथ हाथापाई तक की नौबत आ गई।चूरू के टिडियासर निवासी 23 वर्षीय अशोक को गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल लाया गया था । उसके नाक का कैंसर बताया गया है। रविवार को उसे मेडिसिन आईसीयू में भर्ती किया गया। सोमवार को उसने दम तोड़ दिया जवान युवक की मौत देख गुस्साए परिजनों ने आईसीयू में काफी हंगामा किया और शव उठाने से मना कर दिया।
सूचना मिलने पर सीनियर डॉक्टर मौके पर पहुंचे। सुरक्षा गार्ड और स्टाफ भी इक_ा हो गया। परिजनों को समझाया गया कि वह काफी गंभीर हालत में था लेकिन परिजन डॉक्टर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते रहे। 2 घंटे चले हंगामा के बाद परिजन शांत हुए और शव को मुर्दाघर में रखवा दिया गया। दरअसल डॉक्टर ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवा लीजिए।
यदि लापरवाही बरती गई है तो इससे पता चल जाएगा। काफी बहस के बाद परिजन शव शिफ्ट करने पर सहमत हो गए। मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल एवं मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि युवक के नाक का कैंसर होने के साथ क्रोनिक लिवर डिजिज भी थी। उसे इंट्यूबेट करने के लिए परिजनों की कंसेंट की जरूरत होती है, लेकिन उन्होंने नहीं दी। परिजनों को सारी बातें समझाई गई थी।

























