बीकानेर। कोलायत के गंगापुरा क्षेत्र में अवैध खनन के जरिए जमा की गई 12 लाख टन क्ले के ई-ऑक्शन के लिए रिजर्व प्राइस (आरक्षित मूल्य) तय कर दी गई है। खान विभाग की कमेटी ने ₹400 प्रति टन की दर से ऑक्शन करने का प्रस्ताव बनाकर खान निदेशालय को भेजा है। हालांकि, कमेटी को यह दर तय करने में ही तीन माह का समय लग गया, जिसके चलते अब भी ऑक्शन प्रक्रिया समय पर पूरी होना मुश्किल नजर आ रहा है। गौरतलब है कि खनन माफियाओं ने गंगापुरा कैचमेंट एरिया में तीन साल तक बड़े पैमाने पर अवैध खनन और निर्गमन किया था। तीन माह पूर्व जब सरकार की नींद खुली, तो मौके पर जांच की गई। विभाग ने वहां मौजूद क्ले की 74 मिश्रित ढेरियों में 20,05,546 क्यूबिक मीटर खनिज का आकलन किया। इसमें से 12,09,613 टन क्ले को ई-ऑक्शन के योग्य माना गया।
रिजर्व प्राइस तय करने के लिए एडीएम (खान) बीकानेर की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई थी, जिसमें बीकानेर वृत्त के एसएमई, अधीक्षण भूवैज्ञानिक, एमई श्रीगंगानगर और उदयपुर निदेशालय के लेखाधिकारी शामिल थे। कमेटी ने बाजार मूल्य, खनिज की गुणवत्ता और आसपास की खानों के निरीक्षण के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपी है। अब अंतिम निर्णय निदेशालय स्तर पर लिया जाएगा। आनन-फानन में तैयार किए गए इन आंकड़ों और जटिल तकनीकी नियमों के कारण यह ऑक्शन प्रक्रिया खान विभाग के लिए बड़ी सिरदर्द बन सकती है।


























