बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘मिशन नीलकंठ’ के तहत सेरुणा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को एमडी के साथ गिरफ्तार किया है। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर पुलिस लगातार नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के प्रयास कर रही है।
थानाधिकारी संध्या विश्नोई टीम के साथ बुधवार दोपहर गश्त पर थीं। इस दौरान सूडसर रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर बादनू रोड पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ में युवक घबरा गया और अपनी जेब छिपाने लगा।
पुलिस ने तलाशी ली तो उसके पास से 4.88 ग्राम एमडी बरामद हुई। आरोपी की पहचान सूडसर निवासी 32 वर्षीय विजयपाल जाट के रूप में हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


























