बीकानेर। बीकानेर के विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सांगलपुरा स्थित 66 केवी जीएस कार्यालय में कार्यरत एक महिला एईएन के साथ उसके पति द्वारा मारपीट, धमकी और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। परिवाद के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पटेल नगर निवासी ज्योति यादव पत्नी संजोग यादव एवं पुत्री हरि सिंह यादव, जो जेडीवीवीएनएल के सांगलपुरा स्थित 66 केवी जीएस कार्यालय में एईएन के पद पर कार्यरत हैं, महिला एईएन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में परिवाद प्रस्तुत किया।
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि 26 मई को सुबह करीब 11 बजे वह अपने कार्यालय में बैठकर राजकीय कार्य कर रही थीं। इसी दौरान उनके पति संजोग यादव पुत्र यशवंत यादव कार्यालय में पंहुचा और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि संजोग यादव द्वारा महिला थाना बीकानेर में दर्ज रिपोर्ट को वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।
परिवादिया के अनुसार उसके पति ने कार्यालय में ही उसके साथ मारपीट की तथा हाथ में मौजूद दस्तावेज छीन लिए। इतना ही नहीं, कार्यालय की फाइलें फेंककर राजकार्य में बाधा पहुंचाई। घटना के दौरान कार्यालय में कार्यरत आयशा अंजूम ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद उसका पति वहां से चला गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ समय बाद संजोग यादव दोबारा कार्यालय पहुंचा और महिला थाना बीकानेर में दर्ज शिकायत में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करवाने के लिए धमकियां दीं तथा दबाव बनाने का प्रयास किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त परिवाद की जांच के बाद आरोपों को प्रथम दृष्टया अपराध की श्रेणी में पाया गया। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच एएसआई जयप्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























