बीकानेर। करीब एक महीने से पेयजल संकट झेल रहे राजस्थान के कई जिलों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश की जीवनरेखा मानी जाने वाली इंदिरा गांधी नहर में दोबारा पानी की आवक शुरू हो गई है। पंजाब से छोड़ा गया पानी शनिवार दोपहर तक मसीतांवाली हैड पहुंच गया और लगातार आगे बढ़ रहा है। इस खबर के सामने आते ही बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ समेत करीब 12 जिलों के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे तक मसीतांवाली हैड पर लगभग 2000 क्यूसेक पानी चल रहा था, जबकि अधिकारियों का कहना है कि रविवार तक यह मात्रा बढ़कर करीब 5000 क्यूसेक तक पहुंच सकती है। वहीं हरिके हैड से राजस्थान के लिए लगातार ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है और फिलहाल करीब 9200 क्यूसेक पानी की आपूर्ति की जा रही है।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो सोमवार रात तक नहरी पानी बीकानेर पहुंच सकता है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से नहरों और वितरिका तंत्र में पानी छोड़ा जाएगा, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की जलापूर्ति व्यवस्था फिर से सामान्य होने लगेगी। लंबे समय से पानी की कमी से परेशान लोगों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।





















