बीकानेर। गुरुवार को निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर कोलायत स्थित कपिल सरोवर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। क्षेत्र सहित दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कपिल सरोवर पहुंचे और पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने कपिल मुनि मंदिर सहित परिसर में स्थित विभिन्न देवालयों में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वस्थ जीवन एवं खुशहाली की कामना की।हिंदू धर्म में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन व्रत, स्नान, जप-तप और दान-पुण्य करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि निर्जला एकादशी पर किया गया दान कई गुना पुण्य प्रदान करता है। इसी कारण मंदिर परिसर और सरोवर के आसपास श्रद्धालुओं द्वारा जरूरतमंदों को अन्न, जल, फल एवं अन्य सामग्री का दान किया गया। कई स्थानों पर शीतल जल एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्थाएं भी देखने को मिलीं।
कपिल सरोवर में स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने कपिल मुनि महाराज के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूरे परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और भक्ति गीतों व जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी व सामना नहीं करना पड़े। प्रशासनिक अधिकारिय ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्य निर्देश दिए।
निर्जला एकादशी के अवसर पर दिनभर कपिल सरोवर और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही तथा धर्म, आस्था और सेवा भाव का अनूठा संगम देखने को मिला।





















