बीकानेर। शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने की सूचना पर बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 21 वाहनों को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और कई लोग मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार चकगर्मी क्षेत्र में बिना स्वीकृति कृषि भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। सूचना मिलने पर बीडीए के तहसीलदार महेंद्र रतनूं पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, जेसीबी सहित कुल 21 वाहन जब्त कर लिए। फिलहाल इस मामले में किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। अधिकारियों के अनुसार आगे की कार्रवाई बीडीए की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बिना किसी वैध स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहा है और संबंधित लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। शहर में लगातार बढ़ रही अवैध कॉलोनियों को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। आरोप है कि भू-माफिया नियमों की अनदेखी कर कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियां विकसित कर रहे हैं।





















