श्री करणी मन्दिर निजी प्रन्यास की ओर से इस वर्ष श्री करणी जी औरण परिक्रमा का आयोजन 03 से 05 नवंबर 2025 के बीच किया जाएगा। परिक्रमा के दौरान मन्दिर दो दिनों तक 24 घंटे दर्शनार्थियों के लिए खुला रहेगा, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से दर्शन का लाभ ले सकें।
प्रन्यास अध्यक्ष बादल सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि परिक्रमा में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं, ऐसे में सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
यह है मुख्य निर्देश
धूपबत्ती और दीपक जलाना पूर्ण प्रतिबंधित
औरण परिक्रमा मार्ग व मुख्य मन्दिर के आसपास दीया या धूपबत्ती जलाने पर सख्त मनाही रहेगी। अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ऐसा करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिनों तक शराबबंदी
परिक्रमा अवधि के दौरान औरण क्षेत्र में सम्पूर्ण शराबबंदी रहेगी। किसी भी व्यक्ति को शराब के सेवन या नशे की हालत में पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। शराब बेचने या दुकान लगाने पर भी रोक रहेगी।
भिक्षावृत्ति पर पूर्ण रोक
परिक्रमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की भिक्षावृत्ति की अनुमति नहीं होगी।
सेवादाताओं को स्वच्छता का पालन करना होगा
भक्तों के लिए सेवा देने वाले सभी सेवादाताओं को सेवा समाप्ति के बाद स्थल की स्वच्छता सुनिश्चित करनी होगी, ताकि माँ करणी की पवित्र औरण भूमि की पवित्रता व सफाई बनी रहे।
























