सोने-चांदी के दाम में आज यानी 28 अक्टूबर को गिरावट रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार सोने की कीमत 3,034 रुपए घटकर 1,18,043 रुपए पर आ गई है। इससे पहले इसके दाम 1,21,077 रुपए प्रति 10 ग्राम थे। वहीं, चांदी 3,135 रुपए गिरकर 1,41,896 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। कल इसकी कीमत 1,45,031 रुपए प्रति किलोग्राम थी।
IBJA की सोने की कीमतों में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता। इसलिए शहरों के रेट्स इससे अलग होते हैं। इन रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड के रेट तय करने के लिए करता है। कई बैंक गोल्ड लोन के रेट तय करने के लिए इसे इस्तेमाल करते हैं।
सोना-चांदी के दाम में गिरावट के तीन कारण
1. भारत में सीजनल खरीदी का खत्म होना: दिवाली जैसे फेस्टिवल के बाद इंडिया में सोने-चांदी की खरीदारी का सिलसिला थम गया। इससे सोना-चांदी की डिमांड में कमी आई है।
2. ग्लोबल टेंशन में कमी: सोना-चांदी को ‘सेफ-हेवन’ माना जाता है, यानी मुश्किल वक्त में लोग इन्हें खरीदते हैं। ग्लोबल टेंशन के कम होने से इसमें गिरावट आई है।
3. प्रॉफिट-टेकिंग और ओवरबॉट सिग्नलः रैली के बाद निवेशक प्रॉफिट बुक कर रहे हैं। टेक्निकल इंडिकेटर्स जैसे रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) दिखा रहे थे कि कीमतें ओवरबॉट (कीमतें ज्यादा बढ़ जाना) जोन में पहुंच चुकी थीं। इसलिए ट्रेंड फॉलोअर्स और डीलर्स ने बिकवाली शुरू कर दी है।
























