खाजूवाला। बार एसोसिएशन खाजूवाला द्वारा अधिवक्ताओं के बीच खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-2 का आयोजन 5 नवंबर से किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार सुबह सवा 9 बजे स्थानीय खेल स्टेडियम में होगा।
बार एसोसिएशन खाजूवाला के अध्यक्ष एडवोकेट सुभाष धारणिया ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल अधिवक्ता खिलाड़ी ही भाग लेंगे। इस टूर्नामेंट में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों से लगभग 12 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
खेल संयोजक एडवोकेट विनोद भोभरिया ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मैच लेदर बॉल से खेले जाएंगे और खिलाड़ियों को बेहतर खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का संदेश दिया जाएगा। खेल के माध्यम से अधिवक्ताओं में आपसी सौहार्द और एकता बढ़ेगी।
आयोजन की तैयारियों को लेकर सह संयोजक सलीम खान, कोषाध्यक्ष भोला सिंह, तथा समिति सदस्य पवन रावल, गिरिराज गखड़ और कैलाश टाक ने विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां संभाली हैं।
बार संघ खाजूवाला के सदस्यों का कहना है कि पिछले सीजन की तरह इस बार भी प्रतियोगिता रोमांच और उत्साह से भरपूर रहेगी तथा खाजूवाला के खेल प्रेमियों को शानदार मुकाबले देखने को मिलेंगे।
























