बीकानेर। शहर में कैफे की आड़ में चल रही अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों पर कोटगेट पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार्ली कैफे पर दबिश दी। कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि यह कार्रवाई सीओ सिटी अनुज डाल के निर्देशन में की गई।
पिछले कुछ समय से बीकानेर शहर के कई कैफों में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में पुलिस टीम ने कोटगेट थाना क्षेत्र स्थित चार्ली कैफे पर रेड की। यहां पुलिस को कुछ लड़के व लड़कियां केबिन में बैठे मिले। लड़कियों से पूछताछ के बाद उन्हें मौके पर ही छोड़ दिया गया, जबकि छह-सात युवकों को थाने ले जाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
शेखावत ने बताया कि कैफे में छोटे-छोटे केबिन बनाए हुए थे, जिनमें संदिग्ध गतिविधियां होने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। पुलिस ने मौके पर कटर मशीन मंगवाकर इन केबिनों को हटवाया और कैफे संचालक को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसे केबिन बनाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में ऐसे कैफों पर भी निगरानी बढ़ाने के संकेत मिलते हैं, जहां नियमों की आड़ में गलत गतिविधियां पनप रही हैं।






















