बीकानेर। शहर के उदयरामसर क्षेत्र में भीनासर पुलिस चौकी से लेकर गणेश धोराधाम तक मुख्य सड़क पर लंबे समय से रोड लाइटें बंद पड़ी होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग दिन-रात हजारों वाहन चालकों व राहगीरों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है, लेकिन अंधेरे के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोड लाइटें बंद होने से गोवंश व लावारिस पशु आए दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं। रात के समय सड़क पर अंधेरा रहने से वाहन चालकों को रास्ता नजर नहीं आता, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। साथ ही लाइट नहीं होने के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका भी बढ़ गई है।
इस मार्ग के दोनों ओर वाटिकाएं होने से सेवादारों को पेड़-पौधों की देखरेख एवं गोवंश के लिए मलमास में लापसी वितरण जैसे धार्मिक व सामाजिक कार्यों में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी एवं गोचर हनुमान मंदिर के पुजारी चंद्रप्रकाश पड़िहार ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले नगर निगम को अवगत करवाया गया, लेकिन निगम ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताया। इसके बाद बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) को भी लिखित रूप से शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की अनदेखी से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते रोड लाइटें दुरुस्त नहीं की गईं और कोई बड़ी दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन व सरकार की होगी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द भीनासर पुलिस चौकी से गणेश धोराधाम तक रोड लाइटों की मरम्मत करवाई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
























